बीसलपुर। भगौतीपुर से अपहृत युवक का दो महीने बीत जाने के बाद भी कोई सुराग न लगने से गुस्साए ग्रामीणों ने मंगलवार से तहसील परिसर में दियोरिया पुलिस के खिलाफ बेमियादी धरना शुरू कर दिया।
दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के गांव भगौतीपुर निवासी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि उनके 22 वर्षीय पुत्र पवित्र कुमार उर्फ सोनू का 12 जून 2019 को अपहरण कर लिया गया था, इसकी रिपोर्ट उसी समय दियोरिया थाने में दर्ज करा दी गई थी लेकिन पुलिस आज तक न तो सोनू को बरामद कर पाई है और न ही अपहरणकर्ताओं का पता लगा पाई है। दो महीने बाद भी युवक का सुराग न लगने से गांव वाले बेहद खफा हैं। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार के साथ दियोरिया पुलिस के खिलाफ मंगलवार से तहसील परिसर में बेमियादी धरना शुरू कर दिया। धरने पर सुरेंद्र कुमार, उनकी पत्नी रामश्री, गौरवान्वित, उजाला देवी, अंजलि देवी, रामप्रकाश, हरिओम, रामचंद्र, भजनलाल, रामपाल, राममूर्ति, चंद्रपाल, रामवती, रजनी, चमेली देवी, उर्मिला देवी आदि बैठे। सुरेंद्र कुमार ने चेतावनी दी कि अगर पुलिस ने सोनू की तलाश शुरू नहीं की तो बुधवार से क्रमिक अनशन शुरू कर दिया जाएगा।