बीसलपुर (पीलीभीत)। भाजपा विधायक रामसरन वर्मा ने सोमवार को अधिकारियों के साथ कृषि रक्षा इकाई पर छापा मारा। वहां तमाम ऐसी कीटनाशक दवाएं मिलीं जो बाजार से खरीदकर लाई गईं थीं। निरीक्षण में अभिलेख भी अधूरे मिले। जिला कृषि रक्षाधिकारी ने अवैध दवाएं और अभिलेख कब्जे में ले लिए हैं।
भाजपा विधायक रामसरन वर्मा को शिकायत मिली कि कृषि रक्षा इकाई के प्रभारी जसवंत सिंह बाजार से दवाएं खरीदकर कृषि रक्षा इकाई में लाकर रख लेते हैं और फिर उन्हें सरकारी दवाई बताकर किसानों को महंगे दाम पर बेचते हैं। इस पर सोमवार को विधायक ने अधिकारियों के साथ कृषि रक्षा इकाई पर छापा मारा। इस दौरान एक ऐसी कीटनाशक दवा बरामद र्हुइं जिसे सरकार सप्लाई नहीं करती है। जांच में पता चला कि इकाई प्रभारी यह दवा बाजार से खरीदकर कृषि रक्षा इकाई से बिक्री करता है। विधायक और अधिकारियों के पूछने पर प्रभारी ने बताया कि यह दवा पूर्व प्रभारी विजेंद्र सिंह चौधरी के समय से ही रखी हैं। अभिलेखों का निरीक्षण करने पर पता चला कि एक जुलाई से अभिलेखों में कोई इंट्री नहीं की गई है। जिला कृषि रक्षाधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने बरामद अवैध दवा और अपूर्ण अभिलेख कब्जे में ले लिए हैं। उन्होंने बताया कि प्रभारी पर लगे आरोपों की गहनता से जांच की जाएगी। छापामार कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार मोहम्मद असलम अंसारी, कोतवाली के एसएसआई इख्त्यिार हुसैन, कृषि उपनिदेशक यशराज सिंह, जिला कृषि रक्षाधिकारी विनोद यादव और भूमि संरक्षण अधिकारी डीपी सिंह आदि मौजूद थे। विधायक ने कृषि रक्षा इकाई भवन के गेट पर अवैध रूप से लगे खोखों के मालिकों को बुलाकर 15 दिन के भीतर हर हालत में खोखे हटाने को कहा। विधायक ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिन में खोखे नहीं हटाए गए तो खोखे जब्त करा लिए जाएंगे।