पीलीभीत। उमस भरी गर्मी में बिजली गायब रहने से लोग परेशान हैं। शनिवार रात ट्रांसफार्मर खराब होने से कई इलाकों में ब्लैक आउट रहा था। रविवार रात नकटादाना सब स्टेशन का इंसुलेटर जलने से कई घंटे सप्लाई ठप रही, जिससे कई इलाकों में अंधेरा छाया रहा। सोमवार तड़के भी बिजली गायब रही, जिससे गर्मी में लोग तिलमिला उठे रहे।
रविवार रात नकटादाना सब स्टेशन पर लगी वीसीबी का इंसुलेटर जल गया था, जिससे फीडर से जुड़े इलाके में बिजली संकट गहरा गया। इंसुलेटर जलने से मोहल्ला साहूकारा, आसफजान, डोरीलाल, मोहतसिम खां, छोटी मार्केट, दुर्गाप्रसाद समेत कई मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। इंतजार करने के बाद भी बिजली न आने पर लोगों ने पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों व कर्मचारियों से संपर्क साधना शुरू कर दिया। इसके बाद वहां पहुंची टीम ने स्विच ऑन किया, लेकिन सप्लाई चालू नहीं हो सकी। फिर बमुश्किल दूसरी लाइन से जोड़कर सप्लाई आधी रात के बाद शुरू हुई। हालांकि इससे ज्यादा देर तक उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल सकी। सोमवार तड़के रोज की तरह फिर कटौती हो गई। करीब तीन घंटे बाद बिजली सप्लाई चालू की गई। एसडीओ टाउन अतुल कुमार ने बताया कि इंसुलेटर में खराबी आने से बिजली गुल हुई थी। सूचना मिलते ही खुद पहुंचकर इसको दिखवाया गया। सप्लाई को रात में ही शुरू कर दिया गया था। इंसुलेटर के सुधार का काम होना बाकी है। इसके लिए टीम लगाई गई है।
ईटगांव का नवनिर्मित बिजली उपकेंद्र चालू, लोगों को मिली राहत
बीसलपुर। कस्बा ईंटगांव का नवनिर्मित बिजली उपकेंद्र सोमवार से चालू हो गया है। इससे 50 गांवों को जोड़ा गया है। एसडीओ आनंद बाबू ने बताया कि कस्बा ईटगांव के नवनिर्मित बिजली उपकेंद्र से 50 गांवों को बिजली सप्लाई शुरू कर दी गई है। उपकेंद्र में तीन एसएसओ नियुक्त किए गए हैं। बीसलपुर ग्रामीण क्षेत्र के जेई अवतार सिंह को ही इस नए उपकेंद्र का अतिरिक्त रूप से चार्ज दिया गया है। ब्यूरो