पीलीभीत। आगामी पेराई सत्र में चीनी मिलों के समय से संचालन किए जाने को लेकर रविवार को उपगन्ना आयुक्त राजीव राय ने गन्ना विभाग के अधिकारियों के साथ पूरनपुर की दि सहकारी और शहर स्थिति एलएच शुगर मिल का निरीक्षण किया। मिल प्रबंधकों को रिपेयरिंग व मेंटीनेंस में लापरवाही न बरती जाने के निर्देश दिए। ग्राम जिरौनिया में आयोजित चौपाल में किसानों की समस्याएं सुनीं।
उप गन्ना आयुक्त राजीव राय रविवार दोपहर जिला गन्ना अधिकारी जितेंद्र मिश्रा आदि के साथ सबसे पहले स्टेशन रोड स्थित एलएच शुगर मिल पहुंचे। वहां उन्होंने चीनी मिल में आगामी पेराई सत्र को लेकर की तैयारियों का जायजा लिया। रिपेयरिंग व मेंटीनेंस के कार्य को जल्द पूरा कराने के मिल प्रबंधन को निर्देश दिए। पूरनपुर स्थिति दि सहकारी चीनी मिल के निरीक्षण में तकनीकी कार्यों को देखा। मिल प्रबंधकों से स्पष्ट कहा कि समय से चीनी मिलों को संचालन हो। किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। इसके बाद उपायुक्त ने डीसीओ जितेंद्र मिश्रा के साथ जिरौनिया गांव में आयोजित चौपाल में किसानों को गन्ना सर्वे और गन्ना बुवाई से संबंधित जानकारी दी। किसानों को खेती से अधिक लाभ लेने के लिए सहफसली खेती के बारे में बताया। सचिव पीएन त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।