बरेली। केंद्र सरकार के डिजिटल इंडिया अभियान का असर अब शहर में भी दिखने लगा है। चालू वित्त वर्ष में नगर निगम ने गृहकर वसूली में अच्छा प्रदर्शन करने के साथ ही डिजिटल लेन-देन के क्षेत्र में भी कीर्तिमान रचा है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, अब तक हुई कुल वसूली का 33 फीसदी ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त हुआ है।
नगर निगम के कर विभाग के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष में कर विभाग की ओर से 62 करोड़ रुपये राजस्व की वसूली की गई है। इसमें से 20 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान करदाताओं ने यूपीआई, क्यूआर कोड, मोबाइल बैंकिंग जैसे डिजिटल माध्यमों से किया है। इससे पारदर्शिता को भी बढ़ावा मिल रहा है। नगर आयुक्त के निर्देशानुसार शहर में जगह-जगह डिजिटल पेमेंट के प्रति जागरूकता फैलाई जा रही है।
बड़े बकायेदारों पर सीलिंग की मार
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि जिन संपत्तियों पर एक लाख रुपये से अधिक का बकाया है, उनकी सूची तैयार कर वार्ड स्तर पर सीलिंग की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। कई व्यावसायिक और आवासीय संपत्तियों को सील किया जा चुका है। इससे बकायेदारों में हलचल मची है। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पीके द्धिवेदी ने शहरवासियों से अपील की है कि वे समय रहते कर जमा कर दें।