पीलीभीत। इंजीनियर की पत्नी से छेड़छाड़ और अभद्रता करने के आरोप में घिरे सिपाहियों की मुश्किल बढ़ सकती है। सीओ की ओर से की गई जांच में कॉलोनी के कई लोगों ने सिपाहियों के हुड़दंग करने की बात को बयां किया है। जांच पूरी कर रिपोर्ट एसपी को भेज दी गई है। अब कार्रवाई एसपी स्तर से की जाएगी।
एक सप्ताह पूर्व शहर की एक पॉश कॉलोनी में रहने वाली महिला ने एसपी से शिकायत की थी। इसमें कॉलोनी में रहने वाले छह सिपाहियों पर छेड़छाड़ और अभद्रता करने के आरोप लगाए थे। इसकी जांच सीओ धर्म सिंह मार्छाल को दी गई थी। पीड़िता, कॉलोनीवासी और सिपाहियों के सीओ ने बयान दर्ज कर जांच पूरी की थी। इसकी रिपोर्ट बनाकर एसपी को भेज दी गई है। इसमें छह के बजाय चार सिपाही निकले हैं, जिन पर आरोप लगाए गए। इसके अलावा कॉलोनी के लोगों ने सिपाहियों की ओर से हुड़दंग किए जाने की बात खुलकर कही। कुछ लोग सिपाहियों के पक्ष में भी बयान देकर गए। इसके अलावा सभी बिंदुओं को शामिल कर सीओ ने अपनी रिपोर्ट एसपी को भेज दी है। एसपी अभिषेक दीक्षित ने बताया कि जांच पूरी होने की जानकारी हुई है, मगर अभी सीओ की जांच रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। इसको गहनता से देखने के बाद उसी आधार पर सख्त एक्शन लिया जाएगा।