बरखेड़ा (पीलीभीत)। परिवार वालों की गैर मौजूदगी में एक महिला ने फंदे से लटककर जान दे दी। उसका शव बरामदे में प्लास्टिक की रस्सी से बने फंदे पर जाल के सहारे लटका मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। खुदकुशी के पीछे परिजन कोई वजह नहीं बता पा रहे हैं।
खुदकुशी करने वाली चंपा देवी (43) गांव रायपुर निवासी प्रेमशंकर की पत्नी थीं। रविवार को प्रेमशंकर छोटे बेटे अमित के साथ गांव के नन्हेलाल के बेटे विनोद की शादी में बरेली के कल्यानपुर गांव गए थे। सोमवार सुबह आठ बजे घर चंपा देवी अकेली ही थीं, इंटर में पढ़ने वाली बेटी केशलता कुछ देर पहले ही कॉलेज चली गई थी। एक अन्य बेटा संजीव ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रहा है।
बेटी के स्कूल जाने के बाद चंपा देवी ने प्लास्टिक की रस्सी से बरामदे में पड़े जाल के सहारे फंदे से लटककर जान दे दी। मकान का मुख्य दरवाजा न होने के कारण कुछ देर बाद ग्रामीणों की नजर महिला के लटके शव पर पड़ी। इसके बाद पहले प्रेमशंकर और पुलिस को फोन से जानकारी दी। इस पर कुछ ही देर में पति और बेटा आ गए। इंस्पेक्टर बृज किशोर मिश्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का लगता है, पोस्टमार्टम से स्थिति और साफ हो जाएगी। मामले में किसी तरह का आरोप नहीं है, न ही कोई तहरीर दी गई है।