पीलीभीत। पंचायत चुनाव को संपन्न कराने के लिए कोविड प्रोटोकॉल के पालन कराने पर जोर दिया गया है। पोलिंग पार्टी की रवानगी से लेकर मतदान के दिन तक सभी की जिम्मेदारी तय कर दी गई है। सभी कर्मचारियों की थर्मल स्क्रीनिंग होगी, मतदान के दिन बूथ पर भी सैनिटाइजर रहेगा।
पंचायत चुनाव को लेकर जिले में 26 अप्रैल को मतदान होना है। 25 अप्रैल को पोलिंग पार्टियों की रवानगी होगी। ऐसे में भीड़ भी रहेगी। संक्रमण बढ़ रहा है तो कर्मचारियों को लेकर भी एहतियात बरता जाएगा। नामांकन प्रक्रिया के बाद कई एआरओ संक्रमित निकल भी चुके हैं। इसी को देखते हुए आगामी रणनीति बनाई गई है। डीएम पुलकित खरे ने बताया कि पोलिंग पार्टी की रवानगी के दिन समस्त कर्मचारियों की थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। जिस कर्मचारी का तापमान अधिक आएगा, उसका तत्काल सैंपल कराया जाएगा। इसके लिए रवानगी स्थलों पर एक-एक स्वास्थ्य टीम को मौजूद रखा जाएगा। संक्रमित निकलने पर रिजर्व में रखे गए कर्मचारियों को उनकी जगह ड्यूटी पर भेजा जाएगा। इसके अलावा मतदान के दिन मजिस्ट्रेट तो भ्रमण लेकर कोविड नियमों का पालन कराएंगे ही, साथ ही हर बूथ पर एक आशा कार्यकर्ता को तैनात की जाएगी। वह मतदाताओं के हाथ सैनिटाइज कराएगी और मास्क का पालन कराएगी।