पीलीभीत। एक दिन पूर्व हुई नामांकन प्रक्रिया के दौरान जिला पंचायत सदस्य पद की एक महिला प्रत्याशी द्वारा आचार संहिता और निषेधाज्ञा का उल्लंघन सामने आया है। एसडीएम बीसलपुर से मिली रिपोर्ट पर जिला पंचायत के निर्वाचन अधिकारी एडीएम न्यायिक ने प्रत्याशी को नोटिस भेजकर तीन दिन में जवाब मांगा है।
जिला पंचायत सदस्य पद की प्रत्याशी प्रियंका गंगवार ने मंगलवार को नामांकन कराया था। दूसरे दिन अब उन पर आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगा है। एसडीएम बीसलपुर की ओर से जिला पंचायत के निर्वाचन अधिकारी एडीएम न्यायिक देवेंद्र प्रताप मिश्र को भेजी गई रिपोर्ट में बताया कि नामांकन को कलक्ट्रेट जाने के लिए बिना अनुमति दस गाड़ियों का पूरा काफिला रखा गया। कोरोना संक्रमण भी लगातार बढ़ रहा है। आचार संहिता लागू है। इसके बावजूद न तो कोविड नियमों का ध्यान दिया गया, न ही कोई अनुमति ली गई। निषेधाज्ञा लागू होने के कारण पांच से अधिक व्यक्ति इकट्ठा नहीं हो सकते। एडीएम न्यायिक ने बताया कि एसडीएम बीसलपुर से मिली रिपोर्ट पर प्रियंका गंगवार को नोटिस भेजा है। तीन दिन के भीतर जवाब मांगा गया है। जवाब मिलने के बाद आगे कार्रवाई तय की जाएगी।
पूरनपुर में 1159, अमरिया में 565 प्रधान पद पर नामांकन
मंगलवार को जिले के समस्त ब्लॉकों में ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत पद के लिए नामांकन हुए थे। जिला पंचायत सदस्य पद के नामांकन कलक्ट्रेट में थे। मरौरी, बरखेड़ा, बीसलपुर, ललौरीखेड़ा, बिलसंडा में नामांकन की स्थिति स्पष्ट हो गई थी। मगर पूरनपुर और अमरिया में देर रात गिनती पूरी हुई। पूरनपुर में ग्राम प्रधान 1159, ग्राम पंचायत सदस्य 1102, क्षेत्र पंचायत सदस्य 575 और अमरिया में ग्राम प्रधान 565, ग्राम पंचायत सदस्य 389, क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए 379 लोगों ने नामांकन कराया।
डीएम पुलकित खरे ने बताया कि मंगलवार को हुए नामांकन में जिला पंचायत सदस्य पद पर 365, ग्राम प्रधान 4270, ग्राम पंचायत सदस्य के 2685 और क्षेत्र पंचायत सदस्य के कुल 2497 नामांकन हुए हैं। आज बृहस्पतिवार को नामांकन का अंतिम दिन है।