पीलीभीत। चाइल्ड हेल्पलाइन और पुलिस की तत्परता से बुधवार को एक और किशोरी का बाल विवाह समय रहते रोक दिया गया। थाना गजरौला क्षेत्र के एक गांव में बाल विवाह की सूचना किसी जागरूक व्यक्ति द्वारा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर दी गई थी। शिकायत मिलते ही जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देश पर चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक निर्वान सिंह, एसजेपीयू प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह और थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे।
जांच में पता चला कि बालिका का विवाह आगामी आठ जुलाई को प्रस्तावित था। उसी दिन उसकी सगाई की रस्म भी कराई जा रही थी। टीम ने हस्तक्षेप करते हुए सगाई की प्रक्रिया रुकवाई और परिजनों से बातचीत की। काउंसलिंग के दौरान किशोरी ने बताया कि उसने इसी वर्ष हाईस्कूल (कक्षा 10) उत्तीर्ण किया है और आगे पढ़ाई जारी रखना चाहती है, लेकिन परिवार के सदस्य उसके विवाह की तैयारी कर रहा था। सगाई के लिए बालिका के हाथों में मेहंदी भी लगाई जा चुकी थी। अधिकारियों ने परिजन को चेतावनी दी। जिला प्रोबेशन अधिकारी अनुराग श्याम रस्तोगी ने बताया कि टीम ने परिवार को समझाया है। मामले में जांच के निर्देश दिए गए हैं। संवाद