पीलीभीत। शहर की मंडी समिति परिसर, पूरनपुर, बीसलपुर व अन्य स्थानों के धान खरीद केंद्रों पर अधिकांश समय सन्नाटा पसरा रहा। मगर जिले में धान खरीद का आंकड़ा लक्ष्य के 95 फीसद पर पहुंच गया। किसान नजर नहीं आए और खरीद बढ़ती रही। यह आंकड़े कई सवाल उठा रहे हैं। केंद्रों के बंद होने, केंद्र प्रभारियों के नदारद रहने, सत्यापन में हीलाहवाली की शिकायतें भी खूब हुईं।
करीब एक माह से शहर की मंडी समिति परिसर स्थित धान खरीद केंद्रों पर सन्नाटा रहा है। इक्का-दुक्का किसान ही नजर आए। यही हाल अन्य खरीद केंद्रों का भी रहा। ग्रामीण इलाके में तो कई अधिकारियों की जांच में भी बंद पाए गए थे। इनके केंद्र प्रभारियों पर कार्रवाई भी की गई। केंद्र सूने रहे, प्रभारियों पर कार्रवाई और नोटिस का दौर चलता रहा, लेकिन खरीद का आंकड़ा नहीं थमा।
बृहस्पतिवार को भी मंडी समिति के सभी खरीद केंद्रों पर सन्नाटा दिखा। डिप्टी आरएमओ विजय कुमार शुक्ला के अनुसार जिले में निर्धारित लक्ष्य के करीब 95 फीसद धान खरीद हो चुकी है। जिले में खरीद का लक्ष्य 2.40 लाख मिट्रिक टन था। अब तक 2.27 लाख मीट्रिक से अधिक खरीद हो चुकी है। किसानों का भुगतान करीब 98.1 प्रतिशत हो गया है।
फोटो: 31
राज्यमंत्री की नाराजगी के बाद केंद्रों से उठने लगा धान
पूरनपुर। धान खरीद केंद्रों पर खरीदे धान का भारी स्टाक मिलने पर खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री ने नाराजगी जताई। इसके बाद डिप्टी आरएमओ, एआर कोऑपरेटिव, खरीद एजेंसियों के जिला प्रभारियों ने राज्य भंडारण गोदामों में पहुंचकर चावल उतार की स्थिति देखी। खरीद केंद्रोंं पर खरीदे गए धान के भारी स्टाक को लेकर बृहस्पतिवार को धान खरीद बंद रही।
मंडी समिति के आरएफसी खरीद केंद्रों को छोड़कर अन्य खरीद केंद्रों पर कुछ दिन पहले ही खरीद बंद कर दी गई है। मगर मंडी के अधिकांश खरीद केंद्रों पर खरीदे गए धान का स्टाक लगा हुआ है। बुधवार शाम को मंडी पहुंचे खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने कुछ धान खरीद केंद्रों पर स्टाक में गड़बड़ी पकड़ी थी।
उन्होंने अफसरों को जांच के निर्देश दिए। साथ ही धान खरीद केंद्रों पर लगे धान के स्टाक का शीघ्र उठान कराने के निर्देश डिप्टी आरएमओ को दिए। बृहस्पतिवार को डिप्टी आरएमओ विजय कुमार शुक्ला, एआर प्रदीप कुमार और विभिन्न खरीद एजेंसियों के जिला प्रबंधकों ने राज्य भंडारण निगम के गोदामों में पहुंचकर चावल उतार की स्थिति देखी। डिप्टी आरएमओ विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि खाद्य एवं रसद मंत्री ने धान खरीद केंद्रों पर लगे धान को राइस मिलों में भिजवाने के निर्देश दिए है।
पूरनपुर मंडी समिति में बंद पड़ा धान खरीद केंद्र।संवाद- फोटो : संवाद