कस्बा बरखेड़ा में हादसे की शिकार कार संवाद
बरखेड़ा। माता पूर्णागिरि धाम से हरदोई स्थित घर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। इस हादसे में कार में बैठे चार श्रद्धालु घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी पर प्राथमिक उपचार दिए जाने के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसा शनिवार की देर रात लगभग 11 बजे बीसलपुर-पीलीभीत हाईवे पर कस्बा के ब्लॉक तिराहे के निकट स्टेट बैंक के पास हुआ। हरदोई जिले के श्रद्धालु माता पूर्णागिरि के दर्शन करके लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। कार के टकराते ही उसमें सवार श्रद्धालुओं में चीख पुकार मच गई। इसके बाद आस पड़ोस के लोग मौके पर जा पहुंचे। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि कार डिवाइडर तोड़कर एक दुकान में जा घुसी। हादसे में कार में बैठे अभिषेक अवस्थी, उनकी पत्नी मीरा अवस्थी, प्रतिमा शुक्ला, प्रांजल शुक्ला गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल एक ही परिवार के बताए गए हैं। घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार देने के बाद घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।