विधानसभा चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों ने अपने खर्च का ब्यौरा सौंप दिया है। चुनाव प्रेक्षक की जांच के बाद इसे चुनाव आयोग को भेज दिया है। इसमें बीसलपुर से कांग्रेस प्रत्याशी अनीस अहमद उर्फ फूलबाबू ने सर्वाधिक 23 लाख और बरखेड़ा से सपा प्रत्याशी तत्कालीन राज्यमंत्री हेमराज वर्मा ने 20 लाख रुपये खर्च किए। वहीं बरखेड़ा से ही भाजपा किशनलाल ने सबसे कम सात लाख रुपये खर्च किए। पिछले दिनों हुए चुनाव में आयोग ने सभी प्रत्याशियों को अपने खर्च का ब्यौरा तैयार करने के निर्देश दिए थे। मतदान के एक माह के बाद 42 में से 41 प्रत्याशियों ने पीलीभीत पहुंचे चुनाव प्रेक्षक सोमेश कुमार के समक्ष खर्च का ब्यौरा प्रस्तुत किया जिसे जांच के बाद चुनाव आयोग को भेज दिया। प्रत्याशियों द्वारा दर्शाए इस ब्यौरे में सर्वाधिक खर्च बीसलपुर से कांग्रेस प्रत्याशी अनीस अहमद उर्फ फूलबाबू ने किया। उन्होंने कुल 23.62 लाख रुपये खर्च किए। दूसरे नंबर पर बरखेड़ा से सपा प्रत्याशी हेमराज वर्मा रहे उन्होंने 20.37 लाख रुपये खर्च किए जबकि 18.99 लाख रुपये खर्च कर शहर सीट से सपा प्रत्याशी तत्कालीन कैबिनेट मंत्री हाजी रियाज अहमद तीसरे नंबर पर रहे।
चंद्रसेन ने नहीं जमा किया ब्यौरा
शहर सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चंद्रसेन ने भी चुनाव लड़ा था। चुनाव के बाद 41 प्रत्याशियों ने अपने खर्च का ब्यौरा जमा किया लेकिन चंद्रसेन नहीं पहुंचे। उन्हें फोन कर सूचना देने का भी प्रयास किया गया लेकिन बात नहीं हो सकी। इस पर चुनाव प्रेक्षक के निर्देश पर लेखा प्रभारी मुख्य कोषाधिकारी एमएम लाल ने इसकी रिपोर्ट तैयार कर चुनाव आयोग को भेज दी है। सूत्रों की मानें तो आयोग चंद्रसेन के चुनाव लड़ने पर प्रतिबंध लगा सकता है।