गर्मी के चलते यूटा की मांग पर डीएम ने दिया स्कूलों का समय बदलने का निर्देश
लगातार बढ़ रही गर्मी को देखते हुए डीएम ने यूटा की मांग पर कक्षा आठ तक के स्कूलों का समय बदल दिया है। अब सात बजे से 12 तक पढ़ाई होगी। यह परिवर्तन परिषदीय एवं सहायता प्राप्त स्कूलों पर लागू रहेगा।
इस बार अप्रैल माह में ही गर्मी अपना असर दिखाने लगी है। दिन में तेज धूप और लू के चलते लोगों को काफी मुश्किल हो रही है। इस गर्मी से नन्हें मुन्नों को बचाने के लिए यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन ने डीएम को ज्ञापन सौंपाकर स्कूलों का समय बदलने की मांग की थी। इस पर डीएम मासूम अली सरवर ने कक्षा एक से आठ तक के सभी स्कूलों का समय प्रात: सात से दोपहर 12 बजे तक कर दिया है। इस आदेश को बुधवार से ही लागू कर दिया गया था लेकिन सूचना देरी से मिलने के कारण अधिकांश स्कूल प्रात: आठ बजे से ही खुले।
इस बावत जानकारी करने पर बीएसए अंबरीष यादव ने बताया कि डीएम के आदेश पर स्कूलों का समय बदला गया है जो आगामी आदेशों तक लागू रहेगा। परिषदीय एवं मान्यता प्राप्त सभी स्कूल अब सात बजे से 12 बजे तक खुलेंगे।