पीलीभीत। भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) जिले के सभी ग्राम पंचायतों को इंटरनेट की सुविधा से जोड़ने में जुटा है। पहले चरण में जिले के पांच ब्लॉक की ग्राम पंचायतों में इंटरनेट की सुविधा शुरू हो गई है। इन ग्राम पंचायतों में फाइबर सिस्टम लगाए जा रहे हैं। इंटरनेट के साथ ही लैंडलाइन फोन की सुविधा भी दी जा रही है।
भारत संचार निगम लिमिटेड को यूपी सरकार ने अपनी योजना स्पेशल असिस्टेंस स्कीम के तहत हर ग्राम पंचायत को इंटरनेट सुविधा से जोड़ने की जिम्मेदारी दी है। इस योजना के तहत बीएसएनएल ने पहले चरण में ललौरीखेड़ा, बरखेड़ा, बीसलपुर, मरौरी व बिलसंडा ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में फाइबर सिस्टम लगा रहा है। एक ग्राम पंचायत में इंटरनेट पांच सिस्टम लगाए जा रहे हैं। इन ब्लॉकों की 353 ग्राम पंचायतों के आंगनबाड़ी केंद्र, प्राथमिक विद्यालय, ग्राम पंचायत सचिवालय सहित अन्य सरकारी भवन में 1765 फाइबर सिस्टम लगाए जा चुके हैं। अन्य ब्लॉक के ग्राम पंचायतों में लगातार फाइबर सिस्टम लगाने की तैयारी की जा रही है। जिले की ग्राम पंचायतों में फाइबर सिस्टम लगने से ग्रामीण स्तर पर इंटरनेट की सुविधा बढ़ जाएगी।
पूरनपुर और अमरिया ब्लॉक की पंचायतों में दूसरे चरण में कार्य
पूरनपुर और अमरिया ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायतों को दूसरे चरण में इंटरनेट से जोड़ा जाएगा। इसकी रूपरेखा भी तय कर ली गई है। एजीएम ने बताया कि पहले चरण की ग्राम पंचायतों में प्राथमिकता के आधार पर कार्य पूरा किया जा रहा है।
वर्जन
जिले की हर ग्राम पंचायत में सरकार की योजना के तहत बीएसएनएल इंटरनेट फोन कॉल सुविधा के लिए फाइबर सिस्टम लगाया जा रहा है। जिले के पांच ब्लॉक की ग्राम पंचायतों में कार्य चालू है। अन्य दो ब्लॉकों के टेंडर भी किए जा चुके है उनमें भी जल्द ही कार्य शुरू हो जाएगा।
- सतीश कुमार, एजीएम भारत संचार निगम लिमिटेड पीलीभीत