पीलीभीत। नेपाल के दो हाथियों की चहलकदमी से पीटीआर के तीन रेंज के वनकर्मी सतर्क हैं। दो दिन पूर्व हरीपुर की ओर से बराही रेंज में पहुंचे हाथी महोफ के जंगल से होकर उत्तराखंड की ओर निकल गए हैं। हाथियों के लौटने की आशंका के चलते वनकर्मी निगरानी में जुटे हुए हैं।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व की सीमा नेपाल से मिली हुई है। खुली सीमा होने के चलते नेपाल के हाथियों की जनपद सीमा में चहलकदमी बनी रहती है। आए दिन हाथी बराही रेंज के शारदा नदी के पार लग्गा भग्गा क्षेत्र में डेरा जमाए रहते हैं। नदी को पार कर आए नेपाल के दो हाथी दो दिन पूर्व पीटीआर के हरीपुर रेंज के जंगल से निकलकर बराही रेंज में पहुंच गए।
यहां रुकने के बजाए हाथी महोफ के जंगल से होकर उत्तराखंड के सुरई के जंगल की ओर निकल गए। हाथियों की मौजूदगी की जानकारी मिलते ही तीनों रेंज के वनकर्मी सतर्क हो गए। उत्तराखंड से वापस आने की आशंका को लेकर वनकर्मी सतर्कता बरत रहे हैं। इसको लेकर बराही, महोफ रेंज के साथ ही माला रेंज की टीम भी सतर्कता बरत रही है। महोफ रेंजर सहेंद्र यादव ने बताया कि हाथी उत्तराखंड की ओर निकल गए हैं। सुरक्षा के लिहाज से सतर्कता बरती जा रही है।