पूरनपुर क्षेत्र के थाना सेहरामऊ उत्तरी में रेलवे पटरी के समीप पुलिया के नीचे युवक का शव मिलने प
पूरनपुर। सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र में रेलवे पटरी किनारे पुलिया के नीचे एक अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला। शव दो दिन पुराना बताया जा रहा है। युवक के चेहरे और सीने पर चोट के निशान मिलने से हत्या कर शव फेंकने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि पुलिस प्रथम दृष्ट्या इसे ट्रेन से गिरने का मामला मानकर भी जांच कर रही है।
बृहस्पतिवार को कुर्रैया रेलवे हाल्ट से पूर्व निजामपुर गांव के पास रेलवे पुलिया के नीचे शव पड़े होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जानकारी पर आसपास के लोगों की भीड़ भी मौके पर जमा हो गई। पुलिस ने जानकारी जुटाने के बाद शव की तलाशी ली तो युवक की जेब से 28 जुलाई का पूरनपुर से लखनऊ तक का रेलवे टिकट मिला। युवक ने आसमानी रंग की शर्ट और नीले रंग का हाफ नेकर पहन रखा था, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी। चेहरे और सीने पर चोट के निशान भी मिले। मौके पर शव के पास छोटे-छोटे पत्थर भी पड़े मिले। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजने के साथ पहचान के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है।
इधर, पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि युवक की हत्या कर शव पुलिया के नीचे फेंका गया या फिर वह चलती ट्रेन से गिरा, जिससे उसकी मौत हुई। सीओ विधि भूषण मौर्य ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन से गिरने का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट और युवक की शिनाख्त के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। संवाद