गन्ना भुगतान न होने के विरोध में भाकियू ने बजाज हिन्दुस्थान चीनी मिल गेट पर धरना देकर प्रदर्शन किया। दोपहर बाद मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपकर गन्ना मूल्य दिलाने की मांग की।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता गुरुवार को जिलाध्यक्ष सतविंदर सिंह काहलो के नेतृत्व बजाज चीनी मिल के मेन गेट पर एकत्र हुए। किसानों ने यहां मिल प्रशासन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरना दिया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि चीनी मिल पर बीते सीजन का गन्ना भुगतान किसानों को नहीं मिला है। वहीं वर्तमान सीजन का भी मात्र तीन दिसंबर तक का भुगतान हुआ है। उन्होंने कहा कि गन्ना भुगतान न होने से गन्ना किसानों को आर्थिक संकट से गुजरना पड़ रहा है। मंडल उपाध्यक्ष वेदप्रकाश शर्मा, मंडल संगठन मंत्री भजनलाल क्रोधी, जिला बरिष्ठ उपाध्यक्ष मंजीत सिंह, जिला उपाध्यक्ष प्यारेलाल राजपूत, तहसील अध्यक्ष पूरनपुर सुल्तान खां ने भी विचार व्यक्त किये। दोपहर बाद धरना स्थल पर पहुंचे बीसलपुर तहसील नन्हेंलाल यादव को भाकियू कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित चार सूत्री ज्ञापन सौंपा। इसमें गन्ना भुगतान शीघ्र दिलाने, गन्ना मूल्य 350 रुपये करने की मांग प्रमुख है। धरने में नरेश मिश्रा, डॉ. हरपूर सिंह, रामकुमार पांडेय, सूरत सिंह फौजी सहित कई कार्यकर्ता थे।