भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी रविवार शाम को पीलीभीत पहुंचे। सोमवार सुबह पार्टी के सदस्यता अभियान के तहत उन्होंने लोगों को भाजपा की सदस्यता दिलाई। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सपा पर निशाना साधा।
पीलीभीत में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि माफिया को शह देने वाली पार्टी के नेता भाजपा के फैसलों को गलत साबित करने की नाकाम कोशिश में जुटे हैं। जब उनके सारे प्रयास विफल हो गए तो अब विशेषज्ञों से राय लेकर अपने एजेंडे को सफल बनाने में जुटे हैं, लेकिन इसके उन्हें सकारात्मक परिणाम नहीं मिल पा रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष यहां भाजपा के सदस्यता अभियान में भाग लेने के बाद भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
विज्ञापन
भूपेंद्र सिंह चौधरी रविवार शाम को पीलीभीत पहुंचे। इसके बाद सोमवार सुबह पार्टी के सदस्यता अभियान को सफल बनाने के लिए राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार, जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह और पालिकाध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल के साथ मोहल्ला दालचंद के वार्ड संख्या तीन में घूमे। इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर लोगों को भाजपा की सदस्यता दिलाई। इसके बाद शहर के एक बैंक्वेट हॉल में भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि पीलीभीत सदैव भाजपा का गढ़ रहा है। संगठन की ओर से बूथ स्तर पर 200 और जिला स्तर पर तीन लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है, उन्हें उम्मीद है कि यहां की जनता उन्हें निराश नहीं करेगी। 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर भी विशेष सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ता हर बूथ पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती मनाते हुए उपस्थित लोगों को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराएंगे।