पीलीभीत जिले में एक व्यक्ति ने भाजपा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद के सुरक्षाकर्मी पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। सोमवार को पीड़ित ने जिलाधिकारी को शिकायत पत्र दिया। उन्होंने मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
पीलीभीत के न्यूरिया थाना क्षेत्र के मनपुर गांव निवासी प्रेमशंकर ने भाजपा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद और उनके सुरक्षा कर्मी पर गाली-गलौज, धमकी और मारपीट करने का आरोप लगाया है। सोमवार को शिकायतकर्ता कांग्रेस के पदाधिकारी के साथ डीएम कार्यालय पहुंचे और जमकर नारेबाजी की। मामले में उन्होंने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर जांच कर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
विज्ञापन
शिकायती पत्र में कहा गया है कि 18 सितंबर को शाम करीब 4:30 बजे प्रेमशंकर अपने करीब 35 साथियों के साथ पंच प्रयाग आश्रम पहुंचे थे। आरोप है कि तालाब बंद होने से गांव में पानी घुसने की समस्या को लेकर विधायक को प्रार्थना पत्र देने पहुंचे थे। इसी दौरान विधायक कथित तौर पर नाराज हो गए और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे।
सुरक्षाकर्मी पर थप्पड़ मारने का आरोप
शिकायतकर्ता का आरोप है कि विरोध करने पर विधायक के साथ मौजूद पुलिसकर्मी राजकुमार गार्ड ने उन्हें गिरेबान से पकड़कर थप्पड़ जड़ दिया। इससे उनके पैर में चोट आई। पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों ने मोबाइल से वीडियो बनाया था, लेकिन बाद में मोबाइल छीनकर वीडियो डिलीट करा दिया गया।
विज्ञापन
प्रेमशंकर ने घटना से खुद और अपने साथियों के परिवारों में मानसिक तनाव और असुरक्षा की स्थिति उत्पन्न होने की बात कही है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर विधायक और संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, पुलिसकर्मी को निलंबित करने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।