पीलीभीत। दोस्तों के साथ जा रहे बाइक सवार युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। जबकि दो अन्य साथी घायल हो गए। रक्षाबंधन से पूर्व युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। बहनें बदहवास हो गईं।
हादसा रविवार देर रात टनकपुर हाईवे पर न्यूरिया क्षेत्र के सैदपुर गांव के पास हुआ। न्यूरिया के गांव केम निवासी अविनाश उर्फ टीटू (22) पुत्र कृपाल सिंह गांव के ही अपने दोस्त जितेंद्र व उसके रिश्तेदार आशीष के साथ गांव से न्यूरिया की ओर बाइक से जा रहे थे। टनकपुर हाईवे पर सैदपुर गांव के पास पहुंचते ही मार्ग किनारे खड़े ट्रक से बाइक जा टकराई।
हादसे में तीनों युवक घायल हो गए। जानकारी पर युवकों के परिजन भी वहां पहुंच गए। गंभीर हालत में तीनों को मेडिकल कॉलेज लाया गया। जहां चिकित्सकों ने अविनाश को मृत घोषित कर दिया। रक्षाबंधन से पूर्व भाई की मौत से उसकी बहनों सपना और शीतल का रोरोकर बुरा हाल है।
हादसे को लेकर परिजनों में आक्रोश भी दिखा। सूचना मिलने पर शहर कोतवाल नरेश त्यागी जिला अस्पताल पहुंचे। परिजनों को समझाकर शांत कराया। न्यूरिया थाना प्रभारी प्रदीप कुमार विश्नोई ने बताया कि खराबी आ जाने के चलते ट्रक मार्ग किनारे खड़ा था। जिसे कब्जे में ले लिया गया है। मामले में रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।