पीलीभीत। खाद के लिए समितियों के चक्कर काटते किसानों की दिक्कतों से अफसर बेखबर हैं। विभाग जिले में खाद की पर्याप्त उपलब्धता का दावा तो कर रहा, लेकिन किसानों को क्यों नहीं मिल रही इस बात पर मौन है। वहीं निजी दुकानदार किसानों की मजबूरी का फायदा उठा रहे हैं। एनपीके के साथ जबरन नैनो यूरिया थमाई जा रही है।
दोपहर एक बजे शहर के मंडी समिति परिसर स्थित सहकारी समिति में करीब 15 किसान खड़े थे। किसान आ-जा रहे थे। पूछने पर पता चला कि समिति में पिछले 10 दिनों से एनपीके और डीएपी नहीं है। बताया गया कि सुबह से शाम तक करीब 200 किसान खाद लेने पहुंचते हैं।
खाद न मिलने पर मायूस हो लौट जाते हैं। किसान राजेश गंगवार शहर और सटे इलाके की समितियों का चक्कर लगाकर मंडी समिति पहुंचे थे। बताया कि कहीं भी खाद नहीं मिल रही। खाद न मिलने से बोआई लेट होगी। यही हाल घुंघचाई क्षेत्र की दिलावरपुर समिति का है। यहां कई दिनों से खाद नहीं है। किसान इधर-उधर चक्कर लगा रहे हैं। बीसलपुर और पूरनपुर क्षेत्र की कई समितियों पर भी खाद का टोटा है।
सुबह से कई समितियों का लगा चुके चक्कर
सुबह से समितियों के चक्कर लगा रहा हूं। सभी जगह खाद नहीं मिली। अब मंडी समिति की सहकारी समिति में आया हूं। यहां भी खाद नहीं है। परेशान हूं। कोई सुनने वाला नहीं।
- लक्ष्मन
तीन-चार दिन से लगातार दौड़ रहा हूं। कई समितियों पर पता कर लिया। एनपीके और डीएपी नहीं मिल रहा। बोआई लेट हो रही है। बाद में खाद मिली तो भी फायदा नहीं होगा।
- ईश्वरदयाल
कई जगह देख कर आए हैं। एनपीके मिल ही नहीं रही। बाहर दुकानों पर खाद के साथ नैनो यूरिया भी थमाई जा रही है। बहुत परेशान हो गए हैं।
- लीलाधर
खाद के लिए यहां से वहां भटक रहे हैं। एनपीके मिल ही नहीं रही। कोई संतोषजनक जवाब भी नहीं मिल रहा कि खाद कब मिलेगी।
- राजेश
जहानाबाद समिति पर पांच दिन से नहीं है डीएपी
जहानाबाद। बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति पर करीब पांच दिनों से डीएपी नहीं है, जबकि यूरिया पर्याप्त मात्रा मेंं है। किसान सहकारी समिति के सचिव गोदान लाल गंगवार ने बताया कि डीएपी की कमी है। आज-कल में खाद मिल जाएगी। बताया कि समिति में 16 ग्रामसभाओं में करीब 46 गांव है। एक नगर पंचायत जहानाबाद है। अब तक एनपीके और डीएपी मिलाकर 3232 कट्टे बांटे जा चुके हैं।
-
समिति पर नहीं मिली खाद, किसान निराश
घुंघचाई। दिलावरपुर साधन सहकारी समिति पर खाद की किल्लत लगातार जारी है। रोजाना कई किसान समिति से खाली हाथ लौट रहे हैं। मंगलवार को भी किसानों को डीएपी और एनपीके नही मिल सकी। खाद न होने से समिति पर सन्नाटा छाया रहा। संवाद
सहायक निबंधक सहकारिता का दावा-जिले की 76 समितियों में सिर्फ 17 पर नहीं है खाद
पीलीभीत। सहायक निबंधक सहकारिता प्रदीप कुमार ने बताया कि जिले में कुल 76 सहकारी समितियां हैं। मंगलवार सुबह की ऑनलाइन रिपोर्ट के अनुसार जिले की 59 समितियोंं पर खाद उपलब्ध है। भले ही 50 से 40 बोरी ही हों। 17 समितियों पर खाद नहीं है। 21 या 22 नवंबर को रैक आ रही है। आवंटन हो चुका है। रैक आते ही समितियों पर खाद पहुंचा दी जाएगी। बताया कि अब तक सात हजार मीट्रिक टन खाद समितियों पर भेजी जा चुकी है। यह खाद 47152 किसानों में वितरित की गई है। संवाद
पीलीभीत की मंडी समिति परिसर स्थित इफको किसान सेवा केंद्र पर लगी किसानो की भीड़।संवाद
पीलीभीत की मंडी समिति परिसर स्थित इफको किसान सेवा केंद्र पर लगी किसानो की भीड़।संवाद
पीलीभीत की मंडी समिति परिसर स्थित इफको किसान सेवा केंद्र पर लगी किसानो की भीड़।संवाद
पीलीभीत की मंडी समिति परिसर स्थित इफको किसान सेवा केंद्र पर लगी किसानो की भीड़।संवाद
पीलीभीत की मंडी समिति परिसर स्थित इफको किसान सेवा केंद्र पर लगी किसानो की भीड़।संवाद