पीलीभीत। थाना जहानाबाद क्षेत्र में पर्स से एक रुपया निकालने से नाराज पति ने महिला की पिटाई कर दी। दोबारा ऐसा करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने अपनी सास पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
थाना जहानाबाद क्षेत्र के ग्राम भूड़ा मगरासा निवासी अंजू पत्नी दीपक ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि दो अगस्त की सुबह करीब साढ़े सात बजे उसने माचिस लाने के लिए पति के पर्स से एक रुपया निकाला था। इस बात पर दीपक ने उससे गालीगलौज करते हुए मारपीट की। आरोप है कि उसकी सास गीता देवी ने भी डंडे से हमला कर उसे घायल कर दिया। महिला ने पति पर पूर्व में भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद