राज्यमंत्री हेमराज के प्रयास से दोनों नगर पंचायतें आईपीडीएस योजना में शामिल
न्यूरिया में 5.11 करोड़ और बरखेड़ा में 1.49 करोड़ से होंगे विद्युतीकरण कार्य
नगर पंचायत बरखेड़ा और न्यूरिया के वाशिंदों को बिजली संकट से जल्द निजात मिल जाएगी। खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री हेमराज वर्मा के प्रयास से दोनों नगर पंचायतें आईपीडीएस योजना में शामिल की गई हैं।
इस योजना के तहत नगर पंचायत न्यूरिया को 5.11 करोड़ और बरखेड़ा नगर पंचायत को 1.49 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल गई है। दोनों नगर पंचायतों में विद्युत उपकेंद्रों की क्षमता वृद्धि, 33 केवीए एवं 11 केवीए की जर्जर लाइनों को बदलवाया जाएगा। इसके अलावा बरखेड़ा नगर पंचायत में एक नया फीडर लगाया जाएगा। बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए ट्रांसफार्मरों की क्षमता भी बढ़ाई जाएगी। नए ट्रांसफार्मर भी लगाए जाएंगे। घरेलू लाइनों के केबल बदलने और दोनों नगर पंचायतों में शहरों की भांति घर-घर जाकर विद्युत बिल बनाने का कार्य भी कराया जाएगा। यह काम सिंतबर में शुरू कराए जाएंगे।
70 गांवों में पहले से चल रहा है कार्य
बरखेड़ा विधानसभा के करीब 70 गांवों के विद्युतीकरण का कार्य पहले से चल रहा है। राज्यमंत्री ने विभागीय अफसरों को इसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा क्षेत्र के ही 200 गांवों में अधूरे विद्युतीकरण कार्य को जल्द पूरा कराने का दावा किया है।
एनओसी न मिलने पर रुका फीडर कार्य
न्यूरिया में ग्रामीण क्षेत्र का अलग फीडर लगाने के लिए 55 लाख रुपये की धनराशि पहले स्वीकृत कराई जा चुकी है, लेकिन रेल मंत्रालय से एनओसी न मिलने के कारण फीडर का काम पूरा नहीं हो सका। इसके लिए राज्यमंत्री हेमराज वर्मा ने प्रबंध निदेशक पॉवर कारपोरेशन से वार्ता की और रेल मंत्रालय से शीघ्र एनओसी लेकर फीडर का कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
बसपा की भ्रष्ट नीतियों से विद्युत विभाग कर्ज में डूबा था। जिस कारण जनता के सामने बिजली की समस्या बनी थी। अब सपा सरकार में बिजली से जुड़ी समस्त घोषणाएं पूरी की जा रही हैं। अक्तूबर, 2016 तक पूरे प्रदेश को पर्याप्त सप्लाई मिलेगी।
हेमराज वर्मा, खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री