ग्राम पंचायत बरहा का कंपोजिट विद्यालय स्रोत शिक्षक
पीलीभीत। शहर से सटे गांव बरहा का कंपोजिट विद्यालय अब मॉडल बनेगा। स्कूल में ड्रोन लैब होगी। यह प्रदेश का पहला ड्रोन लैब वाला परिषदीय विद्यालय होगा। तारामंडल बनाने की कवायद भी तेज हो गई है। यहां साइंस पार्क भी बनाया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन ने विद्यालय को जमीन भी मुहैया कराई है। साथ ही सीएसआर फंड की व्यवस्था भी की गई है। डीएम ने स्कूल की सड़क का निर्माण भी जल्द कराने का निर्देश दिया है।
ग्राम पंचायत बरहा के कंपोजिट विद्यालय में करीब 700 बच्चे पंजीकृत हैं। हर साल स्कूल के कई बच्चों का चयन नवोदय विद्यालय में होता है। अन्य परीक्षाओं में भी बच्चे प्रतिभाग करते और चयनित होते हैं। बच्चों को बेहतर आधुनिक शिक्षा मिले, इसके लिए स्कूल में विज्ञान लैब और अन्य व्यवस्थाएं पहले से ही हैं। अब जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह के निर्देश पर स्कूल में ड्राेन लैब बनाई जा रही है। विद्यालय को सीएसआर फंड मुहैया कराया गया है।
11.50 लाख रुपये बनेगा ड्रोन लैब
ड्रोन लैब करीब 11.50 लाख रुपये से बन रही है। बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी से मिलने पहुंचे विद्यालय के शिक्षक संतोष खरे ने करीब एक सप्ताह में ड्रोन लैब बन जाने की जानकारी दी। साथ ही तारामंडल निर्माण की स्थिति से भी अवगत कराया। डीएम ने किसी तरह की समस्या आने पर उनसे संपर्क करने की बात शिक्षक से कही।
बच्चों को मिलेगी बेहतर शिक्षा और सुविधा
डीएम के निर्देश पर विद्यालय को जमीन भी मुहैया कराई गई है। इस पर तारामंडल बनाया जाएगा। साथ ही साइंस पार्क की स्थापना भी होगी। अन्य व्यवस्थाओं को भी सुधारा जा रहा है। डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुविधा मिले, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बरहा विद्यालय काे जाने वाली सड़क का निर्माण भी जल्द ही कराया जाएगा। संवाद