पिपरिया संतोष गांव में मृतक के घर पर विलाप करते परिजन।
- फोटो : PILIBHIT
कलीनगर। बिहार से शादी कराकर कार से घर लौट रहे पिपरिया संतोष गांव के दो ग्रामीणों की सीतापुर जिले में सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में कुल चार लोगों की मौत हुई और आठ घायल हुए हैं। हादसा सीतापुर से सिंधौली के बीच खड़े ट्रक में कार घुसने से हुआ। हादसे की जानकारी मिलने पर परिवार के लोग सीतापुर चले गए।
21 मई को पिपरिया संतोष गांव निवासी टेकचंद (28) और सुखवीर (40) कलीनगर निवासी धर्मेंद्र पुत्र ओमचरण की बरात लेकर बिहार गए थे। शादी होने के बाद 23 मई को स्कार्पियो कार से यह लोग घर लौट रहे थे। कार में बच्चों से लेकर बड़ों तक 12 लोग शामिल थे। सीतापुर और सिंधौली के बीच पहुंचने पर कार अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में टेकचंद और सुखवीर की मौके पर मौत हो गई। कार टेकचंद चला रहा था। बिहार से साथ आ रहे दो अन्य लोगों की भी मौत हो गई। दूल्हा दुल्हन समेत आठ लोग घायल हो गए, इनमें से कुछ को लखनऊ भेजा गया है।