बैलेंस न बताए जाने से क्षुब्ध एक खाताधारक ने अपने साथियों की मदद से मंगलवार को पंजाब नेशनल बैंक में हंगामा किया। विरोध करने पर कर्मचारियों से अभद्र व्यवहार किया। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है।
पंजाब नेशनल बैंक के शाखा प्रबंधक दिवाकर राय ने बताया कि मंगलवार को एक खाताधारक ने बैंक में आकर कर्मचारी अरविंद कुमार से अपने खाते का बैलेंस पूछा। अरविंद कुमार ने यह कहकर बैलेंस बताने से मना कर दिया कि बैलेंस की एंट्री पासबुक में ही की जाएगी। खाताधारक के पास पासबुक मौजूद नहीं थी। खाताधारक बैलेंस पूछने पर अड़ा रहा, जिससे विवाद बढ़ गया। आरोप है कि खाताधारक ने सेलफोन से अपने चार साथियों को बैंक में बुला लिया और फिर हंगामा करने लगा। खाताधारक ने कर्मचारी अरविंद कुमार और उसका पक्ष लेने वाले दूसरे कर्मचारी प्रदीप कुमार सेे अभद्र व्यवहार किया। शाखा प्रबंधक ने हंगामा करने वाले युवकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने, तभी शाखा प्रबंधक ने कोतवाली फोन कर दिया। पुलिस के आने से पहले ही हंगामा करने वाले युवक भाग गए। शाखा प्रबंधक ने कोतवाली में हंगामा करने वालों के विरुद्ध तहरीर दे दी है, जिसमें मोहल्ला हबीबुल्ला खां शुमाली के एक खाताधारक को नामजद किया गया है। उसके अन्य तीन साथियों को अज्ञात बताया गया है। नगर पुलिस चौकी प्रभारी देवेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।