पीलीभीत। ग्राम पंचायतों में होने वाली किसान पाठशालाओं का आयोजन निरस्त कर दिया गया है। गर्मी और लू के चलते शासन ने यह निर्णय किया है।
कृषि विभाग की ओर से जिले के सभी विकासखंडों की 392 ग्राम पंचायतों में किसान पाठशालाओं का आयोजन किया जाना है। इनका आयोजन जिले में 27 मई से शुरू होना था। किसान पाठशाला में किसानों को धान रोपाई, दलहन, तिलहन उत्पादन, प्राकृतिक खेती के सिद्धांत, कृषि विभाग की महत्वपूर्ण योजनाओं, श्रीअन्न (मिलेट्स) के महत्व, उपयोगिता, पराली प्रबंध, एफपीओ, डिजिटल क्रॉप सर्वे, आपदा प्रबंधन आदि की जानकारी दी जानी थी।
कृषि उपनिदेशक संतोष कुमार सविता के अनुसार गर्मी को देखते हुए शासन ने सोमवार से शुरू होने वाली किसान पाठशालाओं के आयोजन पर रोक लगा दी है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक शासन ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए आयोजनों पर रोक लगाई है। अब इन किसान पाठशालाओं का आयोजन शासन के निर्देशानुसार आगामी तिथियों में कराया जाएगा।