घुंघचाई। महिला को बेटा होने का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी बाबा को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पूछताछ में बाबा ने पूर्व में कई अन्य महिलाओं को शिकार बनाने की बात भी स्वीकारी है। पुलिस बाबा के सहयोगियों की तलाश में जुटी है।
पूरनपुर कोतवाली के एक गांव निवासी निवासी महिला पुत्र की चाहत में घुंघचाई थाना क्षेत्र के गांव में रहने वाले बाबा के पास पहुंची थी। बाबा ने महिला को पुत्र का जन्म होने का आश्वासन दिया। एक धार्मिक स्थल पर महिला, उसके पति और सास को ले जाकर झाड़फूंक की।
इसके बाद बाबा दवाई देने के बहाने महिला को पड़ोसी गांव के अपने एक परिचित के घर ले गया। जहां पति व सास को बाहर बैठाकर घर में महिला दुष्कर्म किया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी बाबा भगवानदीन को गिरफ्तार चालान न्यायालय भेजा। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस की पूछताछ में बाबा ने करीब पांच महिलाओं के साथ इसी तरह का कृत्य करने की बात स्वीकारी है। थाना प्रभारी जयशंकर सिंह ने बताया कि बाबा ने अन्य महिलाओं को शिकार बनाने की बात तो स्वीकारी, लेकिन उनका नाम-पता न जानने की बात कही है। आरोपी बाबा के साथ कौन-कौन लोग इस तरह के कृत्य में सहयोगी रहे, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।