पीलीभीत। सहकारिता विभाग की बी-पैक्स कनाकोर सोसाइटी में वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। आरोप है कि यहां पर तैनात सचिव पंकज कुमार ने 24 लाख रुपये की वित्तीय अनियमितता की है। किसानों के ब्याज अनुदान की लाखों रुपये की राशि को समय पर पोस्ट नहीं किया। उर्वरक का निस्तारण नहीं किया और कुछ उर्वरक बेचकर तीन लाख का गबन कर लिया। जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर सोमवार को सचिव पंकज को निलंबित कर दिया गया।
सहायक विकास अधिकारी सहकारिता व अपर जिला सहकारी अधिकारी ने 19 अप्रैल को कनाकोर बी-पैक्स का निरीक्षण किया। इस दौरान जांच में मालूम हुआ कि सचिव पंकज कुमार ने उर्वरक स्टॉक के रखरखाव व बिक्री में गंभीर लापरवाही बरती है। उर्वरक स्टॉक का समय पर निस्तारण न होने से समिति को 98,293 रुपये का नुकसान हुआ। इफको, यूरिया, डीएपी व सागरिका उर्वरकों का समय से विक्रय न कर कालातीत कर देने की वजह से ब्याज के रूप में लगभग 59 हजार रुपये का नुकसान हुआ। उर्वरक बिक्री से प्राप्त 3.85 लाख रुपये की धनराशि को बैंक में जमा किए बिना गबन का प्रयास किया गया। किसानों की लाखों की ऋण धनराशि को पोस्ट करने में देरी की गई।
पूरे मामले की रिपोर्ट सामने आने के बाद एआर को-ऑपरेटिव डॉ. प्रदीप कुमार सिंह की ओर से सचिव को नोटिस भी जारी किए गए, जिसका कोई जवाब नहीं दिया गया। सोमवार को एआर को-ऑपरेटिव डॉ. प्रदीप कुमार सिंह की ओर से सोसाइटी सचिव पंकज को निलंबित कर किया गया। संवाद