पूरनपुर (पीलीभीत)। दहेज में चार लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की गला दबाकर हत्या का प्रयास किया गया। उसको मारपीट कर घर से निकाल दिया। पुलिस ने एसपी के आदेश पर पीड़िता के पति सहित 14 लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, जान से मारने की नीयत से गला दबाने, धमकाने की रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहल्ला कायस्थान निवासी पूजा देवी ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि लखीमपुर खीरी के थाना पलिया के गांव निबुआ बोझ निवासी मोनू से उसकी शादी 13 मई 2021 में हुई थी।
शादी के कुछ दिन बाद से उसके पति मोनू, ससुर हरीश चंद्र, सास गुड्डी देवी, देवर सोनू, चचिया ससुर मेवाराम, उत्तराखंड के खटीमा के मोहल्ला बन्ना निवासी ननद पूनम, नन्दोई विनोद, नंद की पुत्री कनिका, पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव मकरंदुपर निवासी ननद ममता नन्दोई पिंकू, गांव निबुआ बोझ निवासी मौसेरे ससुर अहिवरनलाल, मौसेरी सास राजो, मौसेरे देवर प्रदीप, ममिया ससुर रामसनेही दहेज में चार लाख रुपये लाने की मांग करने लगे।
मांग पूरी न होने पर उसका शारीरिक, मानसिक उत्पीड़न किया जाने लगा। 20 मार्च 2023 को मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने उसे जान से मारने की कोशिश कर गला दबाया। बाद में उसे घर से बाहर निकाल दिया गया। कोतवाल नरेश कुमार त्यागी ने बताया कि पीड़िता की ओर से आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
दहेज के लिए विवाहिता को पीटा, रिपोर्ट दर्ज
बरखेड़ा। दहेज के लिए ससुरालियों ने विवाहिता की पिटाई कर दी। यही नहीं मांग पूरी न होने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
कस्बा निवासी स्वाति देवी पुत्री चंद्रपाल वर्मा ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया की उसकी शादी डेढ़ वर्ष पूर्व गोविंद पुत्र दुलीराम निवासी ढकिया हुल्की के साथ हुई थी। शादी में उसके पिता ने सामर्थ्य के अनुसार दान दहेज दिया था। इस दहेज से ससुराल वाले खुश नहीं थे। उससे तीन लाख रुपये दहेज की मांग करने लगे। आरोप है कि ससुरालीजन दहेज को लेकर उसके साथ मारपीट करने लगे ।
24 अक्तूबर को उसके पति गोविंद, ससुर दुलीराम, सास गंगादेई, जेठ नरेश, जेठानी अनीता, ननद कृष्ण देवी और नन्दोई वेद प्रकाश ने उसको बुरी तरह से मारा पीटा। पुलिस ने इस मामले में ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। संवाद