पूरनपुर। दहेज में 25 लाख रुपये और कार की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को जान से मारने का आरोप है। एसपी के आदेश पर पुलिस ने पति सहित नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव पिपरिया दुलई निवासी प्रेमपाल की पुत्री ज्योति ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि 14 फरवरी 2024 को उसकी शादी पीलीभीत की शारदा कॉलोनी निवासी विकास सैनी से हुई थी। शादी के अगले दिन दहेज में 25 लाख रुपये और कार की मांग की जाने लगी। 29 अप्रैल को मांग पूरी न होने के विरोध में उसका गला दबाकर हत्या की कोशिश की गई। तब उसने भागकर जान बचाई। कोतवाल सतेंद्र सिंह ने बताया कि एसपी के आदेश पर तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
दहेज की मांग पूरी न होने पर कर ली दूसरी शादी
गजरौला। दहेज से नाखुश ससुरालियों पर विवाहिता के साथ मारपीट और पति पर दूसरी शादी करने का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
थाना गजरौला क्षेत्र के अमखेड़ा निवासी संतोषी देवी ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2015 में गजरौला क्षेत्र के ग्राम रमनगरिया निवासी सूरजपाल के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से पति के अलावा ससुर बेचेलाल, सास गीता देवी, देवर सोनू अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। सितंबर 2016 में उसको मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। तब से वह अपने मायके में रह रही है। तीन साल पूर्व पति ने उसको तलाक दिए बिना दूसरी शादी कर ली। इसपर उसने न्यायालय में खर्चा वाद डाल दिया। न्यायालय से उसका वारंट जारी हो चुका है। इस रंजिश में 27 अप्रैल 2025 को शाम सात बजे आरोपी उसके मायके में आए और गालीगलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। उसका गला दबाकर हत्या का प्रयास किया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।