हत्या और गैंगस्टर समेत कई मामलों के आरोपी इमरान की अपराध से अर्जित संपत्ति में एक मकान को एसडीएम और शहर कोतवाल ने डीएम के निर्देश पर कुर्क कर सील कर दिया है। कुर्की से पहले मुनादी कराई गई। सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के गांव नौगवा पकड़िया में 25 फरवरी 2021 की देर शाम यामीन की तीन लोगों ने करबला मोड़ के पास गोली मारकर हत्या कर दी थी।
इस हत्याकांड में कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला फीलखाना निवासी इमराम समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। आरोपियों को जेल भेजने के बाद सुनगढ़ी थाने के तत्कालीन इंस्पेक्टर श्रीकांत द्विवेदी ने गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा पंजीकृत कराया था।
इसके बाद अपराध से अर्जित की गई इमरान की संपत्ति कुर्क करने के लिए रिपोर्ट डीएम को भेजी गई थी। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गैंगस्टर के आरोपी की संपत्ति कुर्क करने के आदेश जारी कर दिए। इसी को लेकर शुक्रवार को एसडीएम सदर योगेश कुमार गौड़, शहर कोतवाल हरीश वर्धन सिंह ने फोर्स के साथ मोहल्ला फीलखाना स्थित इमरान के मकान को कुर्क कर सील कर दिया। इस दौरान लाउडस्पीकर से मोहल्ले के लोगों को भी जानकारी दी गई थी। अब आरोपी को समयानुसार संपत्ति का ब्योरा और आय के स्रोत के बारे में डीएम के समक्ष पेश होकर अपना पक्ष रखना होगा। तब अगली कार्रवाई होगी।