बिलसंडा। शाहजहांपुर के खुटार थाना प्रभारी मनोज त्यागी के फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर बमरौली के ग्रामीण से रुपये की मांग की गई। ग्रामीण ने जब फोन किया तो रिसीव नहीं हुआ। शक होने पर परिचितों को जानकारी दी। इस पर एक परिचित ने इंस्पेक्टर से संपर्क साधा तो फर्जीवाड़े का पता चला। ग्रामीण ने मामले में अभी कोई तहरीर नहीं दी है।
कुछ दिनों पहले गन्ना आयुक्त संजय आर भूसरेड्डी के नाम से फर्जी ई-मेल आईडी बनाकर ठगों ने जिला गन्ना अधिकारी से ठगी की कोशिश की थी। तब रिपोर्ट दर्ज की गई थी लेकिन कोई ठग नहीं पकड़ा गया। इसके बाद बिलसंडा थाने में इंस्पेक्टर रहे नरेश कश्यप की भी फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर उनके परिचितों से रुपये मांगे गए थे। थाने में तैनात डॉयल 112 नंबर के हेड कांस्टेबल की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर रुपयों की मांग की गई थी। हालांकि ठग इसमें कामयाब न हो सके। रविवार को शाहजहांपुर के खुटार थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज त्यागी की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर रुपये मांगे गए हैं। फेसबुक पर इंस्पेक्टर का फोटो भी लगाया गया है ताकि किसी को शक न हो सके। जालसाज ने उनके फ्रेंड लिस्ट के कई मित्रों को रुपये भेजने का मेसेज दिया। इसमें गांव बमरौली निवासी केशव तिवारी से मेसेंजर द्वारा रुपये की मांग की गई।
हालांकि ठग ने रकम नहीं बताई। मेसेंजर बॉक्स के जरिये काफी देर तक बात होने के बाद जब केशव ने जालसाज को फोन किया तो उसने फोन रसीव नहीं किया। इस पर उन्हें शक हुआ। उन्होंने परिचितों को बताया तो एक परिचित ने फोन से इंस्पेक्टर से संपर्क साधा। इस पर फर्जीवाड़े की जानकारी हुई। इस संबंध में इंस्पेक्टर मनोज त्यागी ने बताया कि वह प्रयोग मेसेंजर का इस्तेमाल नहीं करते हैं। आईडी हैक होने के विषय में जानकारी मिलने पर उन्होंने फेसबुक आईडी लॉक कराने के लिए रिक्वेस्ट भेजी है।