पीलीभीत। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के चर्चित एक करोड़ रुपये के घोटाले में नामजद इल्हाम उर्रहमान शम्सी की पत्नी अर्शी खातून को सत्र न्यायालय से राहत मिल गई है। वह 19 फरवरी से जिला कारागार में निरुद्ध थीं। उनकी जमानत अर्जी पर सुनवाई करते हुए अदालत ने रिहाई के आदेश जारी कर दिए हैं।
सदर कोतवाली में दर्ज एक करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय अनियमितता के मामले में इल्हाम उर्रहमान शम्सी व उनकी पत्नी अर्शी खातून को अभियुक्त बनाया गया था। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए अर्शी को फरवरी में गिरफ्तार कर कोर्ट में पेशकर जेल भेज दिया था। तब से वह लगातार जिला जेल में बंद थीं।
सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के तर्कों को स्वीकार करते हुए सत्र न्यायाधीश रविंद्र कुमार (चतुर्थ) ने अर्शी खातून की जमानत मंजूर कर ली है। मामले के मुख्य आरोपी इल्हाम को पहले ही उच्च न्यायालय से राहत मिल चुकी है। संवाद