चिड़ियाघर के वन्य जीव अस्पताल में रह रहा सारस आरिफ का दुलार पाकर चहक उठा। उसने पंख खोलकर दोस्त आरिफ का स्वागत किया।
क्वारंटीन पीरियड खत्म होने के बाद आरिफ को सारस से मिलने की इजाजत मिली है। सभी गाइडलाइन का पालन करते हुए चिड़ियाघर प्रशासन ने आरिफ को सारस से मिलने की अनुमति दी। आरिफ 10 मिनट तक दोस्त सारस के पास रुका।
सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने प्रशासनिक अधिकारियों से सारस को पक्षी विहार में छोड़ने की मांग रखी। यहां पर रेंजर नवेद इकराम, महेश तिवारी, डिप्टी रेंजर दिलीप गुप्ता, प्रभारी पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अनुराग सिंह, डॉ. नितेश कटियार, डॉ. मोहम्मद नासिर मौजूद रहे।
अमेठी के जामो ब्लॉक निवासी आरिफ और सारस की दोस्ती अगस्त 2022 में हुई थी। आरिफ को सारस खेत में जख्मी हालत में मिला था। उसके दाहिने पैर पर चोट लगने से खून निकल रहा था।
उसके पैर पर दवा लगाकर पट्टी बांध दी। उसके बाद सारस को खेत पर किनारे लिटा दिया। इसके बाद लगातार उसकी देखरेख करते रहे। सारस आरिफ के घर पर ही रहने लगा। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती मिसाल बन गई।