जिले में 20 केंद्र किए गए निर्धारित, 10वीं के लिए 500 और 12वीं के लिए 700 रुपये परीक्षा शुल्क तय
पीलीभीत। जिले में वर्ष 2027 की यूपी बोर्ड हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की व्यक्तिगत (प्राइवेट) परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय ने आवेदन पत्र अग्रसारित करने के लिए 14 हाईस्कूल और छह इंटरमीडिएट विद्यालयों को केंद्र नामित किया है। अभ्यर्थियों को निर्धारित विद्यालयों के माध्यम से आवेदन कर परीक्षा शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक विजय सिंह की ओर से जारी आदेश के अनुसार, माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज के निर्देशों के अनुपालन में वर्ष 2027 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट व्यक्तिगत परीक्षा के आवेदन पत्र ऑनलाइन भरे जाएंगे। आवेदन की प्रक्रिया 16 जुलाई से शुरू कर दी गई है। अभ्यर्थियों को अपने क्षेत्र के निर्धारित विद्यालय में आवेदन पत्र जमा कराना होगा। इसके बाद विद्यालय प्रधानाचार्य आवेदन को ऑनलाइन अग्रसारित करेंगे।
हाईस्कूल व्यक्तिगत परीक्षा के लिए जिले में कुल 14 विद्यालयों को अग्रसारण केंद्र बनाया गया है। इनमें राजकीय इंटर कॉलेज अमरिया, राजकीय इंटर कॉलेज पीलीभीत, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पीलीभीत, राजकीय हाईस्कूल गौहनियां, बरखेड़ा, ललौरीखेड़ा, बिलसंडा, पूरनपुर सहित विभिन्न विकासखंडों के विद्यालय शामिल हैं। वहीं, इंटरमीडिएट व्यक्तिगत परीक्षा के लिए छह विद्यालयों को नामित किया गया है। इनमें सी एंड जे इंटर कॉलेज कलीनगर, उपाध्याय इंटर कॉलेज पीलीभीत, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पीलीभीत, पीलीभीत इंटर कॉलेज, एमआरडी इंटर कॉलेज बीसलपुर व राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज माधोटांडा शामिल हैं।
हाईस्कूल व्यक्तिगत परीक्षा का शुल्क 500 रुपये, इंटरमीडिएट का शुल्क 700 रुपये निर्धारित किया गया है। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in पर आवेदन पत्र अपलोड करेंगे। डीआईओएस ने निर्देश दिए हैं कि सभी नामित विद्यालयों के प्रधानाचार्य व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के आवेदन समय से अग्रसारित करना सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी अभ्यर्थी को अंतिम समय में परेशानी का सामना न करना पड़े। संवाद