पीलीभीत। शहर में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए ट्रैफिक पुलिस की ओर से तमाम प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ट्रैफिक पुलिस ने नो इंट्री क्षेत्रों में स्वचलित बैरियर रखवाने के साथ प्रमुख चौराहों पर भी जाम से निपटने के लिए बैरियर रखवाए हैं। करीब सौ बैरियर की व्यवस्था की गई है, ताकि लोगों को जाम से निजात मिल सके।
शहर में जाम की समस्या काफी गंभीर बनी हुई है। इसको लेकर प्रशासन स्तर से कई बार प्रयास होते रहे हैं। साथ ही ई-रिक्शों का संचालन व रूट आदि तैयार कर संचालन के प्रयास किए गए, बावजूद इसके शहर में जाम की समस्या कम नहीं हुई। अब ट्रैफिक पुलिस की ओर से जाम की समस्या से निपटने के लिए 100 अतिरिक्त स्वचलित बैरियर की व्यवस्था की जा रही है।
यहां लगेंगे स्वचलित बैरियर
स्वचलित बैरियर नो इंट्री के अलावा गौहनिया चौराहा, असम चौराहा, डिग्री कॉलेज चौराहा, असम चौराहा, नौगवां चौराहा आदि पर रखवाए जाएंगे। ताकि यहां लोगों को जाम की समस्या से निजात मिल सके। वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक लग सके। इसको लेकर इन चौराहे पर तैनात ट्रैफिक पुलिस को भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए जाएंगे।
स्वचलित बैरियर पर रंगाई-पुताई का काम शुरू
स्वचलित बैरियर के लिए ठेका चौकी पर कार्य कराया जा रहा है। यहां इन बैरियरों की रंगाई-पुताई व उनमें लगे पहियों आदि को व्यवस्थित किया जा रहा है।
ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए यह प्रयास किया जा रहा है। अब नो-इंट्री के साथ ही प्रमुख चौराहों पर इन स्वचलित बैरियर को रखवाया जाएगा। ताकि भारी वाहन शहर में प्रवेश न कर सकें।- सतेंद्र कुमार, यातायात निरीक्षक