वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में भार उठाता खिलाड़ी।
मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता
पीलीभीत। मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता के आखरी दिन गांधी स्टेडियम में वेट लिफ्टिंग व बैडमिंटन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने उत्साह व दमखम का प्रदर्शन करते हुए मुकाबलों को रोमांचक बना दिया। प्रतियोगिताओं में कुल 145 बच्चों ने प्रतिभाग किया।
खेल का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद ने किया, जूनियर बैडमिंटन प्रतियोगिता में 90 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने कोर्ट पर शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी। वहीं वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में 55 बच्चों ने अपनी ताकत व तकनीक का प्रदर्शन किया। वेटलिफ्टिंग भार वर्ग 55 किलो में हरस्वरूप प्रथम, अनुज लोधी द्वितीय व शिवम कुमार तृतीय रहे। ऐसे ही सर्वाधिक भार वर्ग 109 किलो से अधिक में अंकित प्रथम, प्रतीक द्वितीय व आयुष पाल तृतीय रहे। वहीं, बैडमिंटन में सिंगल बालक वर्ग में तन्मय प्रथम, डबल बालक वर्ग में रणवीर व एनीनागर सिंगल बालिका में गौरी यादव विजेता डबल बालिका वर्ग में मिशिका व गौरी यादव विजेता रहीं। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अनिल महेंद्रु ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस दौरान क्रीडाधिकारी राजेश कुमार गौड़, मनोज कुमार गंगवार, कपिल देव, महेश कुमार, प्रगति सिंह उपस्थित रहे। संवाद