पूरनपुर तहसील परिसर में प्रदर्शन करते भाकियू कार्यकर्ता। संवाद
पूरनपुर। भाकियू (अराजनीतिक) और भाकियू (चढूनी) की अलग-अलग पंचायत में किसानों की समस्याओं पर रोष व्यक्त किया गया। पंचायत में छुट्टा पशुओं से निजात दिलाने, नकली कीटनाशक, दवाइयों की बिक्री पर रोक लगाने सहित अन्य मांगें की गईं। भाकियू अराजनीतिक ने प्रमुख सचिव को संबोधित ज्ञापन भी एसडीएम को सौंपा।
तहसील परिसर में भाकियू (अराजनीतिक) और मंडी समिति परिसर में भाकियू (चढूनी) की पंचायत में कहा गया कि छुट्टा पशुओं से किसान परेशान है। जंगल किनारे तार फेंसिंग न होने से जंगली जानवर खेतों में आकर किसानों को मार रहे है। नकली खाद, कीटनाशक की बिक्री जमकर हो रही है। चावल मिल मालिक सीधी खरीद कर रहे है।
किसानों से फसल की बिक्री पर कटौती की जा रही है। बाढ़ पीडि़तों को मुआवजा नहीं मिल रहा है। पंचायतों में समस्याओं पर रोष व्यक्त किया गया। भाकियू (अराजनीतिक) के पदाधिकारियों ने प्रमुख सचिव को संबोधित आठ सूत्री ज्ञापन एसडीएम अजीत प्रताप सिंह को सौंपा। पंचायत में जिला अध्यक्ष मंजीत सिंह, कपिल यादव, भाकियू चढूनी के मंडल अध्यक्ष सुखजीत सिंह औलख, जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह कहलो आदि ने विचार रखे।