पीलीभीत। शहर के सॉलिटेयर होटल में शनिवार की शाम अमर उजाला की ओर से आयोजित मां तुझे प्रणाम कार्यक्रम के अंतर्गत शिक्षकों को सम्मानित किया गया। समारोह की शुरुआत वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। इस दौरान 22 शिक्षक और शिक्षिकाओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने कहा कि अगर युवा शक्ति में ज्ञान होगा तो देश की तरक्की निश्चित है। आज के समय में तकनीक के साथ आगे बढ़ना बेहद आवश्यक है। सरकार उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि पीलीभीत का जंगल प्रदेश के बेहतरीन वनों में गिना जाता है, जहां बाघों की संख्या अधिक है। जंगल से एक किलोमीटर दूर रिजॉर्ट और होमस्टे विकसित किए जाएं ताकि सैलानी यहां ठहर सकें और स्थानीय लोगों को रोजगार का अवसर मिले। वन मंत्री ने कहा कि पीलीभीत को और बेहतर बनाने में शिक्षकों का योगदान अहम है। वे बच्चों को न केवल शिक्षा दे रहे हैं, बल्कि सम्मान करना भी सिखा रहे हैं।
शिक्षा के बिना राष्ट्र आगे नहीं बढ़ सकता: डीएम
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि कोई भी समाज और देश यदि मेधा और प्रतिभा का सम्मान नहीं करता तो वह प्रगति नहीं कर सकता। शिक्षा का योगदान राष्ट्र निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में अपनी अहम भूमिका निभाएं।डीएम ने कहा कि समाज में अच्छे कार्य करने वालों को सम्मानित करना चाहिए। साथ ही युवाओं को उद्योग की ओर प्रेरित करने पर भी फोकस किया जाना चाहिए, जिसमें शिक्षकों का योगदान अहम साबित हो सकता है।
-
ये हुए सम्मानित
सुमन कंप्यूटर से सौरभ सक्सेना व सुरभि सक्सेना, पंडित राजेन्द्र प्रसाद स्मारक काॅलेज एंड फार्मेसी से अमित मिश्रा व गीता मिश्रा, जेएमबी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट एंड हास्पिटल से जगदीश बाबू गुप्ता व नरेन्द्र मोहन सक्सेना, लार्ड कृष्णा स्कूल से सनी दीक्षित व रोजी दीक्षित, आदेश ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशन से अरविंद गंगवार व अश्वनी भटनागर, पुष्प इंस्टीट्यूट से अनुज भटनागर व डॉ. मो. सलीम, बिरला ओपन माइंड प्री स्कूल से अंकुर गुप्ता व आकांक्षा अग्रवाल, यूरो किड्स प्री स्कूल से गुंजन शर्मा, कीर्ति शर्मा व एडवोकेट अशोक शर्मा, कौशिक विजडम प्री स्कूल से नितिन कौशिक व भावना कौशिक, आदर्श पब्लिक स्कूल से सचिन बाजपेई व अमित कुमार, स्प्रिंगडेल कॉलेज के हेमंत जगोता, प्रिया आनंद के अलावा सिटी सिंगर क्लब के क्षितिज सक्सेना, ज्ञानेंद्र सिंह, अमित शेखर, जीत सिंह को सम्मानित किया गया।