पीलीभीत। पंचायती राज विभाग में सफाई कर्मी के पद पर तैनात कर्मचारी एआरटीओ कार्यालय में बैठकर सेवाएं दे रहा है। अफसर पूरे मामले से अनजान बने हुए हैं। कर्मचारी का एक ऑडियो वायरल हुआ है। इसमें कर्मचारी डीएल सहित परिवहन विभाग के अन्य कार्याें को कराने का दावा करते हुए रुपये की मांग कर रहा है।
पंचायती राज विभाग का एक कर्मचारी शहर से सटी ग्राम पंचायत में तैनात है। वह अपने मूल कार्य पर नहीं पहुंचता है। संभागीय परिवहन कार्यालय में बैठकर अपनी चाकरी करता है। बताया जा रहा है कि कर्मचारी यहां पहुंचने वाले लोगों के डीएल सहित अन्य कार्याें को कराने के नाम पर मोटी रकम वसूलता है।
वह सरकारी सेवा में होने के बाद भी यह कार्य कर रहा है। पूरे मामले का एक ऑडियो वायरल हुआ है। इसमें एक युवक कर्मचारी से डीएल बनवाने के लिए कहता है। इस पर वह उसे विभागीय शुल्क से अधिक रुपये की मांग करता है और बिना आए ही लार्निंग लाइसेंस घर भिजवाने का दावा करता है। इसका एक ऑडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। डीपीआरओ रोहित भारती ने बताया कि सफाई कर्मचारी के बारे में जानकारी नहीं है। अगर ऐसा हो रहा है, तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।