पूरनपुर। कार की टक्कर से स्कूली बच्चों से भरा ई-रिक्शा पलट गया। हादसे में कक्षा छह की एक छात्रा का हाथ टूट गया। घटना पर बच्चों में कोहराम मच गया। राहगीरों ने पलटे ई-रिक्शा के नीचे दबे बच्चों को आनन-फानन में बाहर निकाला।
घटना मंगलवार सुबह पीलीभीत रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने की है। पीलीभीत रोड पर छह स्कूल हैं। कार सवार पेट्रोल पंप से पेट्रोल डलवाकर तेजी से पंप परिसर से बाहर निकला। अनियंत्रित गति से निकली कार की टक्कर से स्कूली बच्चों से भरा ई-रिक्शा पलट गया। हादसे में बच्चों में कोहराम मच गया।
कार सवारों ने राहगीरों की मदद से बच्चों को बाहर निकाला। हादसेे में कक्षा छह की एक छात्रा का हाथ टूट गया। सूचना पर छात्रा के अभिभावक मौके पर पहुंच गए। दोनों में हुई वार्ता के बाद कार सवार छात्रा को इलाज कराने के लिए ले गए। शाम तक घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई।