गुरुनानक देव की जयंती पर धुरिया पलिया में आयोजित दंगल में भिड़ते पहलवान। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। माधोटांडा क्षेत्र के गांव धुरिया पलिया में शुक्रवार को गुरुनानक देव की जयंती पर विशाल दंगल का आयोजन किया गया। जिसमें हरियाणा, कुरूक्षेत्र, बरेली, नानकमता, पंजाब, पटियाला के करीब 70 पहलवानों ने भाग लिया। इनामी झंडी कुश्ती में हरियाणा के अमित ने जालंधर के सोनू को हराकर जीत दर्ज की।
धुरिया पलिया गुरुद्वारा कमेटी की ओर से हर साल की तरह शुक्रवार को शारदा नदी के किनारे दंगल कुश्ती का आयोजन किया गया। दंगल की शुरूआत में सोनू और शिवा के बीच रोमांचित कुश्ती हुई। जिसमें सोनू ने जीत दर्ज की। इसके बाद बाबा बजरंगी ने टाइगर पहलवान को पटखनी दी। इसके बाद करीब दस पहलवान अखाड़े में पहुंचे। पर्ची के माध्यम से झंडी कुश्ती का आयोजन किया गया। पहलवानों के दांवपेंच देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। रोमांचित कुश्ती में सोनू ने अमित को प्वाइंट के माध्यम से हराकर 15 हजार की झंडी जीती। इसके अलावा कबड्डी और रस्सा कस्सी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। कार्यक्रम का संचालन हरजिंदर सिंह और लाभ सिंह ने किया। दलवीर सिंह, वसंत सिंह, सुखविंदर सिंह, जसवीर सिंह, गुरुजीत सिंह आदि लोग मौजूद रहे।