गजरौला बरखेड़ा मार्ग पर प्रतापडण्डी गांव में पलटा ट्रक संवाद
बरखेड़ा । गजरौला-बरखेड़ा मुख्य मार्ग पर प्रतापडांडी गांव के निकट पुलिया निर्माण में बरती जा रही लापरवाही का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को सुबह निर्माण कार्य के लिए बनाए गए वैकल्पिक रास्ते की मिट्टी धंसने से 500 बोरी सीमेंट लदा एक ट्रक पलट गया।
ट्रक चालक नीरज ने बताया कि वह बरेली से पूरनपुर सीमेंट लेकर जा रहा था। सुबह करीब पांच बजे जैसे ही वह प्रतापडांडी के पास बने कच्चे रास्ते से गुजरा, मिट्टी धंसने से ट्रक असंतुलित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक में लदा 500 बोरी सीमेंट पानी में डूबने से पूरी तरह बर्बाद हो गया। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि ट्रक के हेल्पर वीरू को मामूली चोटें आई है। हादसे के बाद इस मार्ग पर चार पहिया वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है। फिलहाल यहां से केवल दोपहिया वाहन या खाली ई-रिक्शा ही निकल पा रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यह पुलिया डेढ़ साल पहले बाढ़ में क्षतिग्रस्त हुई थी। तब से लेकर अब तक कई बार विभागीय अधिकारियों को लिखित शिकायतें दी गईं, लेकिन हर बार हीलाहवाली की गई। अब मानसून की दस्तक के साथ ही रास्ता बंद होने से स्कूली बच्चों, मरीजों और आम लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एसके जैन ने बताया कि भारी वाहनों पर पहले से रोक थी, वैकल्पिक रास्ता को शीघ्र ठीक किया जा रहा है ,पुलिया के ऊपर पक्का रास्ता इसी हफ्ते आवागमन के लिए चालू कर दिया जाएगा।