पीलीभीत। थाना बरखेड़ा क्षेत्र की एक युवती ने आरोप लगाया है कि कचहरी परिसर में अधिवक्ता के चैंबर से खींचकर उसके साथ मारपीट और छेड़खानी की गई। पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
युवती ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में कहा कि 11 अगस्त की दोपहर करीब ढाई बजे वह अपने अधिवक्ता के चैंबर में मौजूद थीं। आरोप है कि इस दौरान उसकी बहन, दो महिलाओं और एक युवक के साथ वहां पहुंची और उसे जबरन बाहर खींचकर मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि युवक ने मारपीट के दौरान उसके साथ छेड़खानी की। पीड़िता का कहना है कि मौके पर मौजूद अधिवक्ताओं ने हस्तक्षेप कर उसे किसी तरह बचाया। घटना की सूचना उसने तत्काल डायल 112 पुलिस को दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए। कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।