बीसलपुर। गांव जसौली निवासी इंद्रावती ने बेसिक शिक्षा निदेशक को पत्र भेजकर निजी विद्यालय के प्रधानाध्यापक पर फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र जारी करने का आरोप लगाया है। प्रधानाध्यापक के विरुद्ध कार्रवाई कराने की मांग की है।
पत्र में कहा गया है कि बीसलपुर नगर के मोहल्ला दुर्गा प्रसाद के एक निजी उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने उनके गांव के एक युवक को काफी समय पूर्व अपने विद्यालय में सफाई कर्मचारी रहने से संबंधित अनुभव प्रमाण पत्र दिया था। इसके आधार पर उस युवक की नौकरी पंचायत विभाग में सफाई कर्मचारी के पद पर लग गई। वह कर्मचारी इस समय बिलसंडा ब्लॉक की एक ग्राम पंचायत में तैनात है। जानकारी करने पर पता चला है कि उस युवक ने बीसलपुर के उस निजी उच्च प्राथमिक विद्यालय में एक दिन भी नौकरी नहीं की है। न ही उस विद्यालय में इस युवक से संबंधित कोई अभिलेख ही हैं। पत्र में विद्यालय और प्रधानाध्यापक के नाम का उल्लेख करते हुए जांच कराकर कार्रवाई कराने की मांग की गई है। संवाद