जागा नगर पालिका प्रशासन
अब प्रत्येक माह के पहले शनिवार को चलेगा सफाई अभियान
स्वच्छ भारत मिशन के तहत हुए सर्वे में सबसे गंदे शहरों की सूची में पीलीभीत के 374 वें स्थान पर पहुंच जाने के दाग को धोने के लिए नगर पालिका प्रशासन अब सजग हुआ है। इसी कड़ी में शनिवार को पालिकाध्यक्ष समेत नगर पालिका के समूचे स्टॉफ ने झाड़ू लेकर पालिका परिसर और नेहरू पार्क की सफाई कर स्वच्छता मिशन का आगाज कर दिया। पालिका प्रशासन के मुताबिक अभियान के तहत प्रत्येक माह के पहले शनिवार को विभिन्न सार्वजनिक स्थानों, सरकारी कार्यालयों की सफाई की जाएगी।
स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम के तहत एक बार फिर स्वच्छता अभियान का आगाज किया गया है। स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) निदेशालय के राज्य मिशन निदेशक राकेश कुमार मिश्र ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को पत्र भेजकर प्रत्येक माह के प्रथम शनिवार को अभियान चलाकर साफ सफाई करने आदेश जारी किए हैं। यह अभियान नगर पालिका अधिकारियों की देखरेख में चलाया जाना है। साथ ही इसमें जनप्रतिनिधि, सरकारी विभागों के अधिकारी के अलावा अन्य लोग भी हिस्सा ले सकते हैं। इधर शनिवार को अभियान का आगाज नगर पालिका परिसर से किया गया। चेयरमैन प्रभात जायसवाल व अधिशासी अधिकारी वीपी सिंह संग विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने झाड़ू लगाकर पूरे परिसर की साफ सफाई की। इस दौरान चोक पड़ी नालियों को भी साफ किया गया। इसके बाद स्टेशन चौराहा स्थित नेहरू पार्क में भी साफ सफाई की गई। अधिशासी अधिकारी वीपी सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार यह अभियान प्रत्येक माह के पहले शनिवार को सुबह सात बजे से नौ बजे तक चलाया जाएगा। इसके तहत सार्वजनिक स्थलों के अलावा सरकारी कार्यालयों में भी साफ सफाई की जाएगी। स्वच्छ भारत मिशन के तहत लोगों को जागरूक भी किया जाएगा। इस मौके पर चेयरमैन व ईओ के अलावा कर अधीक्षक अफसर हसन, शिव कुमार, सफाई निरीक्षक अमित कुमार, प्रकाश चंद, अमर किशोर, रवि कुमार, धर्मेंद्र कुमार, प्रमोद कुमार समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे।