पीलीभीत। रोडवेज चालक के नशे की हालत में बस में हुड़दंग करने के मामले में अफसरों ने चालक के बस संचालन पर रोक लगा दी है। एआरएम ने केंद्र प्रभारी को तलब करते हुए पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है। ताकि चालक पर अग्रिम कार्रवाई की जा सके।
सोमवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। इसमें बीसलपुर-बिलसंडा होकर दिल्ली जाने वाली चलती बस में एक अन्य चालक नशे की हालत में अर्धनग्न अवस्था में हुड़दंग करता दिखा था। बस में यात्री भी मौजूद थे। यात्रियों ने इसका विरोध किया, तो चालक ने उनसे भी अभद्रता की। मामले की जानकारी पर पहले अफसर चालक को बचाते हुए दिखाई दिए। अब फजीहत होने के बाद अफसरों ने चालक को बस न देने, वेतन रोकने के आदेश दिए हैं। साथ ही केंद्र प्रभारी से पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है। केंद्र प्रभारी की रिपोर्ट के बाद चालक पर अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। एआरएम पवन कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पूरे मामले की केंद्र प्रभारी से रिपोर्ट मांगी गई है। हालांकि, चालक को बस न देते हुए उसका वेतन रोक दिया गया है।