पूरनपुर। जिले में गेहूं खरीद पर सवाल उठते ही अफसर हरकत में आए। बोरों का इंतजाम कराकर मंगलवार से खरीद शुरू करा दी गई। शाम के समय डीएम ज्ञानेंद्र सिंह और एसपी सुकीर्ति माधव ने पूरनपुर मंडी समिति पहुंचकर गेहूं खरीद केंद्रों का निरीक्षण किया। खरीद केंद्र प्रभारियों से बारदाना, कांटा, बांट, नमी मापक यत्र आदि की जानकारी ली। मानक के अनुरूप गेहूं खरीद के निर्देश दिए। कहा कि बेवजह किसी किसान को परेशान न किया जाए। किसानों के बैठने के साथ पेयजल आदि की व्यवस्था दुरुस्त रहनी चाहिए।
खरीद केंद्र प्रभारियों ने मानक के अनुरूप गेहूं न आने की जानकारी दी। मंडी समिति सचिव सर्वेश शुक्ला ने डीएम को बताया कि गेहूं की खरीद शुरू होने से खरीद समाप्त होने तक कुछ किसान मंडी में मौजूद रहकर अपनी फसल बिक्री को लाने की जानकारी देते हैं। डीएम ने खरीद केंद्र प्रभारियों से संवाद कर गेहूं खरीद की जानकारी ली। दैनिक लक्ष्य और मानक के अनुसार खरीद करने के निर्देश केंद्र प्रभारियों को दिए। कहा कि किसानों को समस्या नहीं होनी चाहिए। खरीदे गए गेहूं का भुगतान किसानों के खाते में समय से पहुंचे। इस दौरान एसडीएम अजीत प्रताप सिंह, एएमओ प्रदीप कुमार आदि मौजूद रहे।
डीएम के मंडी पहुंचने से पहले किसान नेता को उठा ले गई पुलिस
पूरनपुर। डीएम के मंडी समिति में गेहूं खरीद केंद्रों के निरीक्षण से करीब आधा घंटे पहले डीएम के मोबाइल पर उनके ओएसडी से बातचीत के दौरान धमकी देने वाले किसान नेता बलजिंदर सिंह को कोतवाली पुलिस उठा ले गई। किसान नेता के पुलिस हिरासत में होने की जानकारी पर कई किसान नेता कोतवाली गेट पर एकत्र रहे।
दो कट्टा गेहूं खरीद के बाद बूंदाबांदी के चलते बंद कर दी गई खरीद
मंगलवार को एसडीएम और डिप्टी आरएमओ की मौजूदगी में मंडी समिति के गेहूं खरीद केंद्र पर गेहूं की खरीद शुरू की गई थी। खरीद को लेकर किसान के गेहूं में डस्टर लगने के बाद दो बोरा ही गेहूं तुल पाया था। इस दौरान शुरू हुई बूंदाबांदी पर गेहूं की खरीद रोक दी गई। किसान को बुधवार को उसका गेहूं तुलवाने का आश्वासन दिया गया। बारिश की आशंका के बीच केंद्रों पर गेहूं के ढेरों के साथ मौजूद किसानों में खलबली म रही। किसानों ने अपने गेहूं के ढेरों को तिरपालों से ढका।
मंडी समिति सचिव सर्वेश शुक्ला ने बताया कि सभी खरीद केंद्रों पर किसानों का गेहूं भींगने से बचाने को दो-दो तिरपाल दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि मंडी समिति परिसर की मंगलवार को विशेष साफ-सफाई भी कराई गई। संवाद